पालक पराठा/थेपला
सामग्री : -
पालक : 250 ग्राम
आटा : 2 कटोरी
बेसन : 1/2 कटोरी
नमक : 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर : 1 चम्मच
हींग : 2 चुटकी
सौंफ : 1 चम्मच
तेल मोईन : 2 चम्मच
गरम मसाला : 1/4चम्मच
अदरक घिसी हुई : 1 चम्मच
हरी मिर्ची बारीक कटी हुई : 1चम्मच
हरी सब्जियां खाने से बच्चे अक्सर कतराते हैं. ऎसे में इनकी पौष्टिकता बच्चों को प्रदान करने के लिए हरी सब्जियों से बने परांठे ही एक अच्छा विकल्प है. आज हम पालक के परांठे बनाएंगे, जिन्हें आप दही, रायते, चटनी, अचार या किसी भी मनपसंद सब्जी के साथ परोस सकते हैं, बच्चे इन्हें बिल्कुल भी ना नही कर पाएंगे.
विधि -
सबसे पहले आटा तैयार करने के लिए एक प्याले में आटा ले लीजिए. इसमें पालक, सभी मसाले , हरी मिर्च ,अदरक का पेस्ट, और 2 टेबल स्पून तेल डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिए. मिक्स करने के बाद थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए. आटे को 20 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए ताकि आटा सैट हो जाए.
आटा सैट होने के बाद, हाथ पर थोड़ा तेल लगाकर आटे को मसल लीजिए. परांठे बनाने के लिए सबसे पहले तवा गरम कर लीजिए. आप जैसा परांठा पसंद करते है मोटा या पतला उसके अनुसार थोड़ा आटा तोड़ कर लोई बना लीजिए. लोई को सूखे आटे में लपेट कर गोल रोटी बेल लीजिए.
तवा गरम होने के बाद तवे पर थोड़ा सा तेल लगा कर फैला लीजिए. परांठे को सेकने के लिए तवे पर डाल दीजिए और नीचे की तरफ से सिकने के लिए छोड़ दीजिए. जब परांठा ऊपर से डार्क हो जाए तो वो नीचे से सिक चुका होगा. इसे पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी चित्ती आने तक सेक लीजिए. परांठा दोनो और से थोड़ा सिक जाने पर तेल लगाकर धीमी आंच पर सेक लीजिए. जब तक इसमें अच्छी सी ब्राउन चित्ती नही आ जाती. परांठे के अच्छी तरह सिक जाने के बाद परांठे को किसी प्याली के ऊपर निकाल लीजिए. इसी तरह, सभी परांठे सेक कर तैयार कर लीजिए.
गरमा-गरम पालक के परांठे को धनिया, पुदीना, इमली किसी की भी चटनी, सॉस, दही, रायता या अपनी मनपसन्द ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोस दीजिए और मज़े से खाइए.
और बच्चों को टिफिन में भी लगा कर दे सकते हैं
सुझाव
अगर आप बच्चों के लिए परांठे बना रहे हैं और ज्यादा तीखा नही बनाना चाहते तो हरी मिर्च और अदरक न डाले .
परांठे को ज्यादा पतला न बेले.
आप जैसे चाहे वैसे आकार तिकोना, चौकोर या अन्य आकार के भी परांठे बना सकते हैं.
परांठे सेकते समय आंच पर नियंत्रण रखिए.
तैयार है पालक का हेल्थी पराठा ।
No comments:
Post a Comment